
मुंगेर की मोनी अब अपने प्रेमी के साथ ही जीना-मरना चाहती है। अपने पति के पास नहीं जाना चाहती। मां-बाप भी उसे भूल गए हैं। कहती है कि, 'अब तो भला है, बुरा है, जैसा भी है...मेरा प्रेमी मेरा देवता है।' मोनी वही लड़की है, जो शादी के सातवें दिन ही बीच बाजार से पति का हाथ छुड़ाकर प्रेमी के साथ भाग गई थी।
यह घटना बीते 21 जून की रात की है। इसके बाद 23 जून की देर रात मुंगेर पुलिस ने बेगूसराय स्टेशन से दोनों को पकड़ा था। शुक्रवार को प्रेमी दिव्यांशु को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बेल मिल गई है। मोनी की पेशी आज शनिवार को हुई। 164 का बयान दर्ज कराने के बाद वह प्रेमी के साथ चली गई।
6 साल से था अफेयर, 2 साल पहले मंदिर में की थी शादी
कोतवाली थाने के SI पप्पन कुमार के अनुसार नौवागढ़ी की रहने वाली 22 साल की मोनी का उसके प्रेमी दिव्यांशु के साथ बीते 6 साल से अफेयर था। साल 2016 में वह 9वीं और दिव्यांशु दसवीं क्लास में थे और एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। 2020 में दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। हालांकि दोनों के ही परिवार वालों ने इसे नहीं माना था।
दिव्यांशु का परिवार अभी भी इस रिश्ते से खुश नहीं है। दोनों अभी अपने एक रिश्तेदार के घर रह रहे हैं। 22 जून को दोनों दिल्ली जाने के लिए बेगूसराय स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया।
चूड़ी खरीदने पति के साथ बाजार गई, फिर हाथ छुड़ाकर भागी
मोनी और विवेक की शादी 14 जून को हुई थी। शादी के बाद वह अपने मायके चली गई। 21 जून को लौट कर ससुराल आई। पति ने बताया कि 22 जून को चूड़ी खरीदने की बात कह उसे साथ लेकर बाजार निकली। दोनों लोग कोतवाली थाना क्षेत्र के दीनदयाल चौक पर चूड़ी खरीदने लगे, तभी वह उसका हाथ छुड़ा कर भागी और एक दूसरे युवक का हाथ पकड़ लिया।
रोकने की कोशिश की तो उसने कहा, 'मेरा पीछा मत करो अब मैं इसी के साथ रहूंगी।' धमकी देकर दोनों एक स्कॉर्पियो में बैठ कर चले गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। विवेक की मां कंचन देवी ने कोतवाली थाना में बहू के अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर FIR दर्ज करते हुए दोनों को पकड़ा था।