बिहार

शकील अहमद खान बने कांग्रेस विधायक दल के नेता, अजीत शर्मा की हुई छुट्टी

Admin Delhi 1
3 Jun 2023 5:27 PM IST
शकील अहमद खान बने कांग्रेस विधायक दल के नेता, अजीत शर्मा की हुई छुट्टी
x

पटना न्यूज: बिहार कांग्रेस विधायक दल की शनिवार को हुई बैठक में डॉ शकील अहमद खान को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इससे पहले अजीत शर्मा विधायक दल के नेता थे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, इसमें सर्वसम्मति से डॉ. खान को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास, पूर्व प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी उपस्थित रहे।

संभावना व्यक्त की जा रही है कि अजीत शर्मा को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। कांग्रेस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंत्रिमंडल विस्तार की लगातार मांग करता रही है। उल्लेखनीय है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से कांग्रेस में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। इधर, शकील अहमद खान के विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार, मीडिया पैनलिस्ट शरबत जहां फातिमा, प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार, पूर्व सचिव सुजीत कुमार सिन्हा तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकर स्वरूप पासवान ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी।

Next Story