बिहार
वरमाला के दौरान दूल्हे को हकलाता देख दुल्हन ने शादी से किया इनकार, वापिस लौटी बारात
Shantanu Roy
1 Dec 2022 10:14 AM GMT

x
बड़ी खबर
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले से अनोखा मामला सामने आया है, जहां पर वरमाला के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को हकलाता देखकर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष वालों ने दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया। जानकारी के मुताबिक, मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर पंचायत के सोनवर्षा गांव के वार्ड 15 का है। बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौहद्दी गांव निवासी गोपाल झा का 25 वर्षीय बेटे हितेश कुमार की बारात खगड़िया जिले के सोनवर्षा गांव निवासी नन्दकिशोर झा के यहां गई हुई थी। जनमासे पर वधू पक्ष द्वारा वर पक्ष की खुब आवभगत की गई।
जयमाला के दौरान दुल्हन और दूल्हे को स्टेज पर बुलाया गया। जयमाला के दौरान दूल्हा हकलाकर बोलने लगा। वहीं दुल्हन ने दूल्हे की इस हरकत को देखकर परिजनों को बताया। इसके बाद शादी को बीच में ही रोक दिया गया और दुल्हन स्टेज छोड़कर घर चली गई।दुल्हन पक्ष वालों ने कहा कि लड़के वालों ने शादी से पहले कुछ भी नहीं बताया था। शादी के दौरान पता चला कि दूल्हा मंदबुद्धि है। बता दें कि इसके बाद लड़की पक्ष वालों ने दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया। इस मामले की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंधक बने बरातियों व दूल्हे को मुक्त कराया और बारात को बस से बैरंग बिना शादी के वापस लौटा दिया गया।
Next Story