बिहार

थावे शक्तिपीठ में सुरक्षा और व्यवस्था बढ़ाई गई

Saba Naaz
2 July 2026 4:24 PM IST
थावे शक्तिपीठ में सुरक्षा और व्यवस्था बढ़ाई गई
x

Bihar: गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे सिद्धपीठ में आषाढ़ गुप्त नवरात्र के दौरान इस बार श्रद्धालुओं और तंत्र साधकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। यह गुप्त नवरात्र 15 जुलाई से शुरू होकर 23 जुलाई तक चलेगा। मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां सिंहासनी के दरबार में की गई पूजा-अर्चना और साधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और तंत्र साधना में विशेष सिद्धियां प्राप्त होती हैं।

पौराणिक मान्यता के अनुसार भक्त रहषु की पुकार पर मां कामाख्या थावे पहुंचीं और मां सिंहासनी के रूप में यहां विराजमान हुईं। इसी कारण यह स्थान तंत्र साधकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्धपीठ माना जाता है। गुप्त नवरात्र में देशभर से साधक विशेष साधना के लिए यहां पहुंचते हैं।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह समय तंत्र-मंत्र और गहन आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष माना जाता है। इन नौ दिनों में की गई साधना से सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। इस दौरान दस महाविद्याओं—काली, तारा, त्रिपुरा सुंदरी, भुवनेश्वरी, छिन्नमस्ता, त्रिपुरा भैरवी, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी और कमला की विशेष पूजा की जाती है।

घटस्थापना 15 जुलाई को प्रातः 6:01 बजे से 10:17 बजे के बीच होगी। गुप्त नवरात्र की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर में विशेष पूजा, कलश स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।

Next Story