
BIHAR बिहार : पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से तीन पाकिस्तानी संदिग्धों के घुसने की जानकारी के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस ने इन संदिग्धों की पहचान हसनैन अली (रावलपिंडी), आदिल हुसैन (उमरकोट) और मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर) के रूप में की है।
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि संदिग्ध आतंकी संगठन से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए सूचना देने वालों को 50 हजार रुपए इनाम की घोषणा की है। साथ ही विशेष हेल्पलाइन नंबर और 112 पर कॉल करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस ने सीमा क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाते हुए होटल, लॉज, किराए के मकानों और वाहनों की जांच का आदेश दिया है। सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।





