बिहार

20 लाख करोड़ का घोटाले एक मंच पर

Sonam
28 Jun 2023 5:44 AM GMT
20 लाख करोड़ का  घोटाले  एक मंच पर
x

भ्रष्टाचार के आरोप गिनाकर विपक्षी एकता पर बरसे प्रधानमत्री मोदी; कहा, पटना में फोटो सेशन हुआ

एजेंसियां

दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भाजपा के 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्षी एकजुटता की कोशिश पर बड़ा प्रहार किया। पीएम मोदी ने जहां उन्हें दया का पात्र बताते हुए कटाक्ष किया, तो वहीं ‘भ्रष्टाचारियों का मिलाप’ बताते हुए कहा कि ये 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी दे सकते हैं। पीएम ने कहा कि भाजपा के घोर विरोधी दलों में 2014 और 2019 से ज्यादा छटपटाहट है। जिन लोगों को पहले लोग अपना दुश्मन बताते थे, पानी पी-पी कर गाली देते थे, आज उनके सामने साष्टांग होते हैं। उनकी ये बेचैनी दिखलाती है कि देश की जनता ने 2024 के चुनाव में भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है। 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है, इसी वजह से तमाम विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। पीएम ने कहा कि आजकल बार-बार एक शब्द आता है- गारंटी। ये सारे सारे विपक्षी दल… ये लोग गारंटी हैं भ्रष्टाचार की, ये गारंटी हैं लाखों-करोड़ रुपयों के घोटालों की।

पिछले दिनों पटना में नीतीश कुमार की अगवाई वाली बैठक का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले इनका साथ में फोटो लेने का कार्यक्रम हुआ था। 20 लाख करोड़ घोटाले वाले एक मंच पर आए थे। उस फोटो में जो लोग हैं उन सब का मिल कर टोटल लगाएंगे, तो ये सारे मिलकर 20 लाख करोड़ रुपए के घोटाले की गारंटी हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस, एनसीपी, आरजेडी, टीएमसी जैसे दलों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस का घोटाला ही अकेले लाखों-करोड़ों का है। एक लाख 86 करोड़ का कोयला घोटाला, एक लाख 76 हजार करोड़ का टूजी घोटाला, 70 हजार करोड़ का कॉमनवेल्थ घोटाला, 10 हजार करोड़ का मनरेगा घोटाला, हेलिकॉप्टर से सबमरीन तक, कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है, जो कांग्रेस के घोटाले का शिकार न हुआ है। दूसरा देखिए आरजेडी, हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप है। चारा घोटाला, अलकतरा घोटोला, बाढ़ राहत घोटाला, आरजेडी के घोटालों की इतनी लंबी सूची है कि अदालतें भी थक गई।

देश को एक साथ मिलीं पांच वंदे भारत ट्रेनें

भारतीय रेल के इतिहास में मंगलवार क ो एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को एक साथ पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही तीन राज्यों गोवा, बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिल गई है। यह पहला मौका है, जब पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाई गई है। मोदी ने भोपाल में रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को वर्चुअली फ्लैग ऑफ किया।

Next Story