बिहार

सारण हिट एंड रन केस: 1259 मौतें

Saba Naaz
30 Jun 2026 2:21 PM IST
सारण हिट एंड रन केस: 1259 मौतें
x

छपरा। सारण जिले में हिट एंड रन सड़क हादसों को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट (eDAR) के अनुसार 1 अप्रैल 2022 से 27 मई 2026 के बीच जिले में हिट एंड रन मामलों में 1259 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस अवधि में कुल 2494 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 1500 से अधिक लोगों की जान गई।

रिपोर्ट के अनुसार, इन मामलों में 463 पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि 688 मामलों में अब तक पीड़ितों या उनके परिजनों की पहचान नहीं हो सकी है। इसके चलते ये परिवार सरकारी सहायता से वंचित हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, हिट एंड रन मामलों में 571 आवेदन मुआवजे के लिए प्राप्त हुए थे, जिनमें से अधिकांश मामलों का निपटारा कर दिया गया है। हालांकि बड़ी संख्या में मामले अब भी लंबित हैं।

जांच में सामने आया है कि अधिकांश मामलों में आरोपी वाहन और चालक का पता नहीं चल पाया है। इसके पीछे बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, सीमित सीसीटीवी नेटवर्क, ANPR कैमरों की कमी और कमजोर हाईवे पेट्रोलिंग जैसे कारण बताए जा रहे हैं। परिवहन विभाग ने सभी थानों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों की पहचान कर उन्हें मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज की जाए।

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में आधुनिक निगरानी कैमरे लगाए जाएं, हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और फॉरेंसिक जांच को मजबूत किया जाए ताकि ऐसे मामलों में आरोपियों की पहचान आसान हो सके। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि अधिकांश मामलों में कार्रवाई पूरी कर ली गई है और तकनीकी सुधार के जरिए ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण की कोशिश की जा रही है।

Next Story