
सारण: सारण जिले के लहलादपुर प्रखण्ड के जनता बाज़ार–महाराजगंज मुख्य सड़क पर स्थित हरपुर कोठी के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तेज़ रफ़्तार से आ रही बस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद करीब दो सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिसके बाद जाकर वह रुक पाई। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर और एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल युवकों को पहले लहलादपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफ़र कर दिया है। दुर्घटना में घायल दोनों युवक सिवान ज़िले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भीखाबांध गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक की पहचान विक्रमा राम के पुत्र अजीत राम के रूप में हुई है। दूसरे घायल युवक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और घटना की जाँच में जुट गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।





