
Bihar: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भाजपा नेता और माकपा नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। यह हादसा सिंघियाघाट-बेगूसराय मुख्य सड़क पर खोकसाहा-खदियाही चौक के पास बसेरा बरगद पेड़ के समीप हुआ।
तेज रफ्तार हाइवा ने मचाया कहर
जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित हाइवा ने पहले सवारी से भरे ऑटो को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
गंगा स्नान जा रहे थे यात्री
ऑटो में सवार लोग बेगूसराय के झमटिया घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। वहीं बाइक सवार दंपती खेत की ओर जा रहे थे।
मृतकों की पहचान
मृतकों में भाजपा पंचायत अध्यक्ष राज कुमार महतो, उनकी पत्नी संयोगिता देवी और माकपा नेता हरेराम सहनी शामिल हैं। हादसे में राज कुमार महतो और हरेराम सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संयोगिता देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कई लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में ऑटो सवार कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभूतिपुर CHC और सदर अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है।
प्रशासन की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है|





