बिहार

सीएम को पूरी बात बताने की कही बात

Saba Naaz
5 July 2026 2:48 PM IST
सीएम को पूरी बात बताने की कही बात
x

Bihar: भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार को बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी मृतक भरत तिवारी के पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और मामले को लेकर सरकार की ओर से गंभीरता से सुनवाई का भरोसा दिया। गांव पहुंचने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने भरत तिवारी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। जेडीयू की ओर से इस मामले में पहली बार कोई वरिष्ठ नेता सीधे पीड़ित परिवार के बीच पहुंचा है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी परिजनों से मिलने गांव पहुंचे थे।

मीडिया से बातचीत में अशोक चौधरी ने साफ कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर गलत था। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें पूरे मामले की पूरी जानकारी नहीं थी, लेकिन अब सभी तथ्यों को समझ लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस पूरे प्रकरण की जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे और सभी पहलुओं से अवगत कराएंगे। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई होगी।

डीएसपी और एसएचओ की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि भारत में कानून व्यवस्था मौजूद है और हर कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत होती है। उन्होंने कहा कि यह ईरान नहीं है कि किसी भी तरह की कठोर कार्रवाई तुरंत की जाए। यहां कानून के अनुसार जांच और सजा की प्रक्रिया तय है। इस पूरे मामले ने बिहार की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है। विपक्ष पहले से ही इस एनकाउंटर पर सवाल उठा रहा है, जबकि अब सत्ता पक्ष के एक वरिष्ठ मंत्री का यह बयान मामले को और गंभीर बना रहा है।

मंत्री ने अंत में कहा कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है और पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

Next Story