बिहार
अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता में सहरसा की सानिया बिहार की तीसरी टॉपर
Shantanu Roy
28 Sep 2022 5:51 PM GMT

x
बड़ी खबर
सहरसा। शहर के डीबी रोड स्थित मछली बाजार निवासी व्यवसायी मो लासानी एवं अजीमुन निशा की नातिन सानिया ने अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता में बिहार मे तीसरा स्थान लाया है।भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सर्किल स्तर पर चुनी जाने वाली यह एकमात्र प्रतिभागी है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय द्वारा भेजे गए चयन पत्र के अनुसार प्रतियोगिता में सानिया द्वारा जलवायु परिवर्तन पर लिखी गयी प्रविष्टि का चयन कर लिया गया है। आगामी 10 अक्टूबर को पटना जीपीओ कैम्पस स्थित मेघदूत भवन के प्रथम तल पर एक भव्य समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। बिहार से तीन ही छात्रों का चयन हुआ है। जिसमे उत्तर बिहार से सानिया अकेली है। ज्ञात हो कि मुम्बई में सानिया की मां तरन्नुम परवीन की मौत हो जाने के बाद से ही वह सहरसा में अपने नाना-नानी और मामा लुकमान अली के साथ रहती है।
सानिया अभी संत जेवियर्स स्कूल में 10वीं की छात्रा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सानिया की सफलता पर घर मे खुशी का माहौल है। मामा लुकमान अली ने बताया कि सानिया बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि की छात्रा रही है। स्कूली पढ़ाई-लिखाई के अलावे सानिया की दिलचस्पी नैतिक, व्यावहारिक एवं कलात्मक शिक्षा में भी रही है। पत्र लेखन प्रतियोगिता में बिहार स्तर पर सफल होने पर सानिया के विद्यालय संत जेवियर्स स्कूल के निदेशक पी पी अल्बर्ट ने खुशी जताते कहा कि सानिया प्रारंभ से ही काफी मेहनती, शांत, सुशील और अनुशासित छात्रा रही है। विद्यालय की परीक्षाओं के साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करती रही है। सानिया के पत्र लेखन प्रतियोगिता में चयन होने से विद्यालय परिवार सहित कोसी क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Next Story