बिहार

भक्ति जागरण से लौटना पड़ा भारी सीमा सड़क पर युवक को मारी गोली

nidhi
29 Aug 2026 11:35 AM IST
भक्ति जागरण से लौटना पड़ा भारी सीमा सड़क पर युवक को मारी गोली
x
इंडो नेपाल बॉर्डर पर वारदात

फुलकाहा (अररिया): बिहार के अररिया जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। भक्ति जागरण देखकर लौट रहे युवक पर आपसी विवाद के बाद फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर स्थित इंडो-नेपाल सीमा सड़क की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात कष्टहारक महादेव मंदिर में आयोजित भक्ति जागरण कार्यक्रम के बाद युवक घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों से कहासुनी हुई और विवाद बढ़ने पर उसे गोली मार दी गई।

सिर में लगी गोली हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-14 निवासी मुन्ना यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटनास्थल से खोखा और कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही फुलकाहा पुलिस के साथ आसपास के थानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाके में गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
Next Story