
Bihar: सारण में सड़क दुर्घटना और पानी में डूबने जैसी घटनाओं में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों को लंबे इंतजार के बाद राहत मिली है। बुधवार को तरैया अंचल कार्यालय में आपदा अनुग्रह अनुदान योजना के तहत पांच मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। चेक मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के लाभुकों को यह राशि दी गई। अंचलाधिकारी पंकज कुमार सिंह ने सभी लाभुकों को चेक सौंपते हुए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को सहायता देना प्राथमिकता है।
जानकारी के अनुसार भागवतपुर पंचायत के बेलहरी गांव निवासी मोतीलाल राम की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, जिनके आश्रित को भी चार लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा अन्य मृतकों के परिजनों को भी इसी योजना के तहत सहायता दी गई।
लाभ पाने वालों में बेलहरी की मृतका सुधा देवी, चंचलिया पंचायत के भलुआ भिखारी गांव की मृतका सावित्री देवी, डुमरी पंचायत के मुन्ना कुमार सिंह और तरैया पंचायत की चमेली देवी के आश्रित शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि ये परिवार वर्षों से अनुदान राशि की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब सरकार की आपदा अनुग्रह योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें कुछ राहत मिली है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





