
Bihar: छपरा का सरकारी बस डिपो अब आधुनिक सुविधाओं से लैस एक मल्टी-फंक्शनल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत डिपो परिसर में एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां G+4 बहुमंजिला भवन का निर्माण होगा, जिसमें शॉपिंग मॉल, होटल, मल्टीप्लेक्स, डिजिटल टिकट काउंटर, फूड कोर्ट और आधुनिक बस टर्मिनल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इस योजना को लेकर सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, पथ परिवहन निगम इस बस डिपो को केवल परिवहन केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि एक मल्टी-फंक्शनल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित कर रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ निगम की आय को भी बढ़ाना है। इस परियोजना के बाद बस स्टैंड को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। परियोजना के तहत बस डिपो की कुल 2.4 एकड़ भूमि में से लगभग एक एकड़ जमीन पर यह बहुमंजिला ढांचा तैयार किया जाएगा, जबकि शेष 1.2 एकड़ भूमि जिला परिवहन विभाग को आवंटित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, भवन का डिजाइन G+4 से लेकर G+6 तक की ऊंचाई में विकसित किया जाएगा।
भवन के ग्राउंड फ्लोर पर बस वे, डिजिटल टिकट काउंटर, यात्री सहायता केंद्र, सुरक्षा कक्ष और सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं होंगी। पहली मंजिल पर एयर कंडीशंड वेटिंग हॉल, फूड कोर्ट और रिटेल शॉप्स विकसित की जाएंगी। दूसरी मंजिल पर चालक और परिचालकों के लिए डॉर्मिटरी और विश्राम कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा भविष्य में ई-बसों के लिए हाई-स्पीड चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक वर्कशॉप भी स्थापित किए जाएंगे। तीसरी से छठी मंजिल तक का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा। इसमें बड़े होटल, शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, बैंक्वेट हॉल और अन्य मनोरंजन केंद्र शामिल होंगे। इन व्यावसायिक गतिविधियों से प्राप्त होने वाली आय को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम और निजी भागीदारों के बीच साझा किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से न केवल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि निगम आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनेगा। साथ ही, यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और डिजिटल यात्रा का अनुभव मिलेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। छपरा बस डिपो के अधिकारियों ने बताया कि सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और निर्माण एजेंसी जल्द ही कार्य शुरू करेगी। यह परियोजना पूरी तरह से आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी और इसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।





