बिहार

मुंगेर-अरवल में भर्ती रैकेट का भंडाफोड़, 3-5 लाख में सौदा

Saba Naaz
11 Jun 2026 9:05 PM IST
मुंगेर-अरवल में भर्ती रैकेट का भंडाफोड़, 3-5 लाख में सौदा
x

बिहार:बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 10 गिरफ्तार, कई जिलों में जांच जारी

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुंगेर और अरवल जिले से 10 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा माफिया तीन से पांच लाख रुपये लेकर स्कॉलर के जरिए असली अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दिलवाता था और लिखित परीक्षा पास कराता था।

मामले में खुलासा हुआ कि बायोमेट्रिक जांच और परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मियों की मिलीभगत से पूरा खेल चल रहा था। माफिया एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर स्कॉलर को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाते थे। शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान फोटो, हस्ताक्षर और बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी मिलने के बाद मामला सामने आया।

यह मामला केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) से जुड़ा है। 7 अप्रैल 2025 को 563 अभ्यर्थियों के खिलाफ सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज हुआ था।

पुलिस ने अरवल के कुर्था और मुंगेर के तारापुर समेत कई जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की है। अब तक 88 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में रंजय कुमार, मिथुन कुमार, बलराम कुमार समेत कई लोग शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया कि माफिया पूरे भर्ती प्रक्रिया को 8 लाख रुपये तक में पास कराने का दावा करते थे। लिखित परीक्षा के लिए 3 से 5 लाख रुपये लिए जाते थे। दस्तावेज लेकर स्कॉलर के माध्यम से परीक्षा दिलाई जाती थी।

जांच अभी जारी है और बिहार के कई जिलों—भागलपुर, गया, बेगूसराय, मधुबनी, सिवान समेत—अभ्यर्थी जांच के दायरे में हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Next Story