बिहार

चुनौती देंगे आरसीपी सिंह, नालंदा सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे

Admin4
8 Aug 2022 5:34 PM GMT
चुनौती देंगे आरसीपी सिंह, नालंदा सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे
x

पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के जेडीयू से इस्तीफा देने के बाद सवाल उठने लगा है कि अब वो क्या करेंगे। क्या आरसीपी सिंह कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे? क्या 2024 लोकसभा चुनाव में आरसीपी सिंह राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से मैदान में उतरेंगे? यह सवाल उठना लाजमी भी है क्योंकि पार्टी से इस्तीफा देने के बाद जब आरसीपी से पूछा गया कि अब किस पार्टी का दामन थामेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से सलाह लेने के बाद नई राजनीतिक दिशा तय करूंगा।

आरसीपी सिंह के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भी जदयू से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में सबसे प्रमुख नाम आरसीपी सिंह के करीबी और जदयू के शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कन्हैया सिंह का है। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद कन्हैया सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह नालंदा के बेटे हैं। उनकी जन्मभूमि नालंदा है, तो उनका स्वाभाविक हक बनता है। आरसीपी सिंह के समर्थकों की पूरी इच्छा है कि वे नालंदा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ें और उम्मीद भी है की आरसीपी सिंह नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और उन्हें वहां से कोई नहीं हरा सकता है। उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह के साथ जो कुछ हो रहा है और हुआ है वह सबकुछ नालंदा की जनता देख रही है, जो वक्त आने पर जवाब देगी।

आरसीपी सिंह के समर्थकों की यह उम्मीद बेवजह भी नहीं है। कुछ दिन पहले ही एक कार्यक्रम के दौरान आरसीपी सिंह ने यह सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनका जन्म नालंदा में हुआ है और घर भी नालंदा में है, जबकि नीतीश कुमार का घर भले ही नालंदा में है, लेकिन उनका जन्म तो बख्तियारपुर में हुआ था, इसलिए उनका हक नालंदा पर मुझसे ज्यादा कैसे हो सकता है।

वहीं आरसीपी सिंह के नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना पर जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब जब आरसीपी सिंह जेडीयू में नहीं हैं, तो वे क्या करते हैं, कहां से चुनाव लड़ते हैं, यह उनका मामला है। इससे जेडीयू को कोई लेना-देना नहीं है. वे जानें, उनका काम जाने।

Next Story