बिहार

बिहार में आज से राजगीर महोत्सव का आगाज, बॉलीवुड कलाकार बिखेरेंगे जलवा

nidhi
26 Nov 2026 9:09 AM IST
बिहार में आज से राजगीर महोत्सव का आगाज, बॉलीवुड कलाकार बिखेरेंगे जलवा
x
राजगीर महोत्सव में दिखेगा कला और संस्कृति का संगम
राजगीर: बिहार की ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में आज गुरुवार, 26 नवंबर से तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव-2026 का शुभारंभ होगा। पर्यटन विभाग और नालंदा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में गीत-संगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खेलकूद और सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिलेगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी शाम पांच बजे स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
26 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उद्घाटन के बाद पहले दिन पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद बॉलीवुड गायक मोहम्मद इरफान और स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के दूसरे दिन 27 नवंबर को प्रसिद्ध सूफी एवं बॉलीवुड गायिका हर्षदीप कौर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, 28 नवंबर को समापन समारोह में एमजे-5 डांस ग्रुप और पार्श्व गायिका रिया भट्टाचार्या सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।
इस वर्ष राजगीर महोत्सव का आयोजन ‘वैश्विक पर्यटन की ओर अग्रसर’ थीम पर किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य बिहार की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा महोत्सव में सात दिवसीय ग्रामश्री मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, हथकरघा, खादी और ग्रामीण उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मधुबनी चित्रकला समेत बिहार की पारंपरिक कलाओं को भी विशेष स्थान मिलेगा।
महोत्सव में आने वाले लोगों को बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। व्यंजन मेले में सिलाव का प्रसिद्ध खाजा विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा पुस्तक मेला और फूड कोर्ट भी आयोजन का हिस्सा होंगे। हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों की बिक्री से स्थानीय कारोबारियों तथा कारीगरों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। राजगीर महोत्सव में पारंपरिक खेलों को भी विशेष महत्व दिया गया है। कुश्ती प्रतियोगिता में सात राज्यों के करीब 100 महिला और पुरुष पहलवानों के शामिल होने की संभावना है। बिहार के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और झारखंड के पहलवान प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कुश्ती प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 35 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त तांगा दौड़ और तांगा सज्जा जैसे पारंपरिक आयोजनों को भी महोत्सव में शामिल किया गया है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें महिला सशक्तीकरण, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा और सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियां होंगी। युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रील मेकिंग प्रतियोगिता की भी तैयारी की गई है।
महोत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नालंदा जिला प्रशासन ने 32 कोषांगों का गठन किया है। आयोजन स्थल पर दर्शकों के बैठने, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की है। महोत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्ष 1986 में शुरू हुआ राजगीर महोत्सव बिहार की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की लोककला, संगीत, खानपान और पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाता है।
राजगीर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी बेहद व्यापक है। यह क्षेत्र बौद्ध और जैन धर्म के अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां स्थित ऐतिहासिक धरोहरें, प्राकृतिक वादियां और धार्मिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। होटल, परिवहन, खानपान और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबारियों के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के इस उत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है।
Next Story