
Bihar: वैशाली जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को रुस्तमपुर थाना पुलिस ने सुकुमारपुर दियारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण पर कड़ा प्रहार किया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद आठ देसी शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और बड़ी मात्रा में तैयार कच्चे माल को नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिसमें जानकारी मिली थी कि सुकुमारपुर दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 30 हजार लीटर कच्चा जावा मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया जाना था। इसके साथ ही शराब निर्माण में उपयोग होने वाले प्लास्टिक ड्रम, टिन ड्रम और अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका दोबारा उपयोग न हो सके।
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब तस्कर दियारा और जंगल क्षेत्र का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी जफराबाद और सुकुमारपुर दियारा क्षेत्रों में अभियान चलाकर 19 भट्ठियां ध्वस्त की गई थीं और करीब 50 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट किया गया था।
पुलिस ने यह भी बताया कि गंगा किनारे बसे राघोपुर अंचल के कई दियारा क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां सक्रिय हैं। इनमें जुड़ावनपुर, मोकरमपुर, मीरमपुर, परोहा, कर्मोपुर और अन्य इलाके शामिल हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि शराब माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





