बिहार

स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था पर सवाल

Saba Naaz
25 Jun 2026 4:16 PM IST
स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था पर सवाल
x

Bihar: छपरा जंक्शन पर रेल मंत्री के हालिया कार्यक्रम के बाद हटाया गया अशोक स्तंभ युक्त ध्वज कई दिनों बाद सर्कुलेटिंग एरिया में कचरे के बीच पड़ा मिला। यह मामला सामने आने के बाद रेल प्रशासन की कार्यशैली और स्टेशन प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के नाम पर इस राष्ट्रीय प्रतीक वाले ध्वज को वहां से हटा दिया गया था। लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद इसे सुरक्षित स्थान पर रखने या सम्मानपूर्वक स्थापित करने के बजाय स्टेशन परिसर के एक कोने में छोड़ दिया गया। इसी दौरान आसपास गंदगी और कचरा भी फैला रहा, जिससे स्थिति और खराब हो गई।

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि छपरा जंक्शन पर हर दिन हजारों लोग आते-जाते हैं, ऐसे में राष्ट्रीय प्रतीक का इस तरह कचरे के बीच पड़ा रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यात्रियों ने इसे रेलवे की गंभीर लापरवाही बताया और नाराजगी जताई।

स्थानीय दुकानदारों द्वारा भी स्टेशन परिसर में कचरा फेंके जाने से हालात और बिगड़ने की बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि स्टेशन की सफाई व्यवस्था पहले से ही कमजोर है, ऐसे में इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही को और उजागर कर दिया है।

भगवान बाजार निवासी सन्नी कुमार सहित कई लोगों ने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और राष्ट्रीय प्रतीक से जुड़ी सामग्री को उचित सम्मान के साथ सुरक्षित रखा जाए।

रेलवे प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Next Story