
Jharkhand: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के लतबेधवा गांव में एक नवविवाहिता की फांसी लगने से मौत का मामला सामने आया है। 23 वर्षीय संजना कुमारी का शव घर में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने इस मामले में ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका संजना कुमारी की शादी इसी वर्ष फरवरी महीने में मरकच्चो निवासी अमर सिंह से हुई थी। वह कुछ दिन पहले ही अपने मायके आई थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात वह एक शादी समारोह से लौटने के बाद अपने परिवार के साथ थी और बाद में अपने कमरे में सोने चली गई थी। उसी रात उसने अपने पति से फोन पर बातचीत भी की थी।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर संजना का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व अन्य डिजिटल सबूतों की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता बसंत नारायण सिंह ने थाना में आवेदन देकर पति अमर सिंह, ससुर महेंद्र सिंह और सास आशा देवी पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था और 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
फिलहाल इस घटना से गांव में शोक और तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





