
x
खाद वितरण सिस्टम QR कोड
पटना: बिहार के किसानों के लिए खाद खरीदने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब किसान QR कोड आधारित डिजिटल प्रणाली के जरिए अधिकृत दुकानों से खाद खरीद सकेंगे। सरकार ने यह कदम खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और किसानों से ज्यादा कीमत वसूलने जैसी शिकायतों पर रोक लगाने के लिए उठाया है।
कृषि विभाग के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनकी जरूरत के हिसाब से खाद उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए किसान की जानकारी फार्मर आईडी और रजिस्ट्रेशन से जोड़ी जाएगी। इसके बाद प्रक्रिया पूरी होने पर QR कोड जारी किया जाएगा, जिसके जरिए किसान खाद खरीद सकेंगे।
19 जिलों में शुरू होगी नई व्यवस्था
बिहार में QR कोड आधारित खाद बिक्री व्यवस्था को शुरुआत में 19 जिलों में लागू किया जा रहा है। इसके बाद इसे पूरे राज्य में लागू करने की योजना है। सरकार ने पहले कुछ जिलों में इसका परीक्षण किया था, जिसके बाद इसे विस्तार दिया गया।
कैसे मिलेगा QR कोड
नई व्यवस्था के तहत जिन किसानों की जमीन की जानकारी फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज है, उनकी पहचान किसान आईडी से की जाएगी। अन्य किसानों को पंजीकरण कराना होगा। इसमें खेत का खाता, खसरा, रकबा और फसल की जानकारी देनी होगी। इसके बाद खाद की जरूरत के अनुसार QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। यह QR कोड सीमित समय के लिए मान्य होगा और किसान इसी के आधार पर अधिकृत विक्रेता से खाद ले सकेंगे। इससे खाद वितरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन निगरानी में रहेगी।
ज्यादा कीमत लेने वालों पर होगी कार्रवाई
सरकार ने साफ किया है कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत लेने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद की बिक्री, स्टॉक और वितरण पर डिजिटल माध्यम से नजर रखी जाएगी। कृषि विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था से किसानों को सही समय पर और सही कीमत पर खाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही बिचौलियों और अवैध बिक्री पर भी रोक लगेगी।
किसानों को नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन
नई डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य किसानों की परेशानी कम करना है। सरकार का कहना है कि किसान को खाद के लिए बार-बार दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और तकनीकी जानकारी की कमी को देखते हुए अधिकारियों को किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story





