बिहार

Purnia: ड्यूटी से लौटते समय हादसा, घर का उजाला बुझा

Admindelhi1
22 Jun 2025 11:06 AM IST
Purnia: ड्यूटी से लौटते समय हादसा, घर का उजाला बुझा
x
सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

पूर्णिया: एक दर्दनाक सड़क हादसे में एचडीएफसी बैंक बनमनखी में कार्यरत तेजेंद्र पाल सिंह (29 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सरसी थाना क्षेत्र के जीयनगंज और सरसी के बीच उस वक्त हुई जब मकई लदी ट्रैक्टर और बुलेट मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर हो गई। दोनों बैंककर्मी ड्यूटी खत्म कर पूर्णिया लौट रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची सरसी पुलिस ने तत्काल दोनों को सदर अस्पताल पूर्णिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तेजेंद्र पाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल अंकुर कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मृतक तेजेंद्र पाल सिंह, पूर्णिया के नेवालाल चौक के निवासी थे। उनके पिता सरदार पूरण सिंह ने बिलखते हुए कहा, “तेजेंद्र मेरा बड़ा बेटा था, पूरे परिवार का एकमात्र सहारा। उसी के दम पर हमारा घर चलता था... अब तो सब कुछ खत्म हो गया। हमारे जीने का कोई मतलब नहीं बचा।” हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर और मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। आस-पड़ोस के लोग भी इस असमय काल की घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनास्थल पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की जाए और दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Next Story