Bihar की सियासत में प्रशांत किशोर की एंट्री, बांकीपुर से ठोकी चुनावी ताल

Patna पटना : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने राजधानी पटना में भव्य पदयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान समर्थकों ने बदलाव और जीत के नारे लगाते हुए प्रशांत किशोर का उत्साह बढ़ाया।
प्रशांत किशोर की पदयात्रा स्काउट एवं गाइड मैदान से शुरू हुई। इसके बाद यह कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए समाहरणालय पहुंची। यहां पहुंचकर उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग उनके साथ चलते नजर आए। रास्ते में कई स्थानों पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। समर्थकों ने "लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर" सहित कई नारे लगाए। पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही पूरे मार्ग पर निगरानी रखी गई।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत चुनावी कदम नहीं है, बल्कि बिहार के भविष्य से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि उनका नामांकन बिहार में बदलाव की नई शुरुआत का प्रतीक है।
प्रशांत किशोर ने कहा, "यह मेरा नामांकन नहीं है, बिहार में बदलती हुई तस्वीर का नामांकन है। यह बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है और बिहार में अपराधी लोगों को कुर्सी छोड़ने का आह्वान है। यह बदलाव की शुरुआत है।"
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग बदलाव चाहते हैं और जन सुराज इसी बदलाव की आवाज बनकर चुनाव मैदान में उतरा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब पारंपरिक राजनीति से अलग विकास, रोजगार और बेहतर व्यवस्था की उम्मीद कर रही है।
जन सुराज समर्थकों ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगी।
नामांकन के दौरान प्रशांत किशोर के साथ बड़ी संख्या में जन सुराज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव अभियान के दौरान क्षेत्र के लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को समझकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति के साथ चुनाव प्रचार में जुटने की तैयारी कर रहे हैं।





