बिहार

सीवान में प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

SHIDDHANT
3 Nov 2025 8:40 PM IST
सीवान में प्रशांत किशोर का बड़ा बयान
x
Siwan सीवान: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (पीके) ने रविवार को सीवान में जनसभा के दौरान बिहार की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह जनता तय करेगी, न कि कोई राजनीतिक परिवार। प्रशांत किशोर ने कहा, “लालू यादव कह रहे हैं कि भाजपा की सरकार जाने वाली है और उनके बेटे मुख्यमंत्री बनेंगे। लेकिन मैं पूछता हूं — क्या बिहार की जनता ने लालू यादव को राजा बना दिया है जो वे तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा? ये लोकतंत्र है, यहां जनता ही फैसला करती है।”
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जात-पात और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठना चाहती है। “यहां दशकों से कुछ परिवार सत्ता में रहे, लेकिन गरीब और बेरोजगार वहीं के वहीं रह गए। बिहार को नई राजनीति चाहिए, जो जनता की समस्याओं को केंद्र में रखे, न कि वंशवाद को। प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रीय नेता बिहार आते हैं लेकिन राज्य की वास्तविक समस्याओं पर बात नहीं करते। “पीएम मोदी और राहुल गांधी का अपना तरीका है — दोनों आते हैं, भाषण देते हैं, लेकिन बिहार की बात नहीं करते। न पीएम मोदी ने कभी रोजगार की बात की, न राहुल गांधी ने। दोनों को बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है,” उन्होंने कहा।
पीके ने कहा कि बिहार देश का सबसे युवा राज्य है, लेकिन यहां रोजगार की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। लाखों युवा आज भी पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि लोग सम्मान के साथ अपने ही राज्य में जीवन यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता को यह तय करना होगा कि वे झूठे वादों और वंशवादी राजनीति के साथ रहना चाहते हैं या एक नई, ईमानदार और विकास-आधारित राजनीति का विकल्प चुनना चाहते हैं। “मैं बिहार के लोगों से वादा करता हूं कि जन सुराज पार्टी जात-पात से ऊपर उठकर विकास, शिक्षा और रोजगार की राजनीति करेगी,” उन्होंने कहा। सभा के अंत में प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की कि वे पार्टी के जन संवाद अभियान का हिस्सा बनें और बिहार को बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि यदि जनता साथ दे, तो बिहार फिर से देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा हो सकता है।
Next Story