बिहार

जांच में जुटी पुलिस, मोतिहारी में सिविल कोर्ट के पेशकार की पत्नी की गोली लगने से मौत

Admin4
28 July 2022 4:51 PM GMT
जांच में जुटी पुलिस, मोतिहारी में सिविल कोर्ट के पेशकार की पत्नी की गोली लगने से मौत
x

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के राजाबाजार मोहल्ले में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गयी है। मृतका मोतिहारी सिविल कोर्ट के पेशकार प्रशांत कुमार उर्फ बजरंगी की पत्नी साक्षी कुमारी (27) थी। घटना बुधवार देर रात की है। पुलिस ने छतौनी के एक निजी नर्सिंग होम से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। घटना के बाद पति सहित महिला के अन्य परिजन घर छोड़कर फरार हैं। जांच के लिए पुलिस परिजनों की तलाश कर रही है।

मौत की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने मुजफ्फरपुर से एफएसएल की टीम बुलाई गई। जितेन्द्र कुमार व रिपुंजय कुमार सिन्हा की दो सदस्यीय एफएसएल टीम गुरुवार की दोपहर पहुंची। टीम ने सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता व नगर इंस्पेक्टर विजय प्रसाद राय की मौजूदगी में पेशकार के राजाबाजार स्थित दो मंजिले आवास का ताला खोलकर पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे में पलंग के पास से पिस्टल का पिलेट मिला है। हालांकि कमरे सहित पूरे घर की तलाशी के बाद भी पिस्टल का पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, महिला को सोफा पर बैठे अवस्था में दाएं कनपटी पर गोली लगने का अनुमान है। गोली सिर के आरपार होने के बाद पर्दा को छेदकर दीवाल से टकराई है।

सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि अभी तक आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए वैज्ञानिक विधि से अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस:

साक्षी के पति प्रशांत एडीजे 6 के न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत हैं। साक्षी हरसिद्धि थाना के बरमसवा निवासी मनोज कुमार सिंह की पुत्री है। मायके वाले भी राजबाजर में ही डॉ. तरुण विजय वाली गली में रहते हैं। साक्षी को एक पुत्र व एक पुत्री है। साक्षी की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। उसने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गयी है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।

Next Story