बिहार

पशु तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती

Saba Naaz
21 Jun 2026 8:54 PM IST
पशु तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती
x

Bihar: बिहार में पशु तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। गोपालगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय पशु तस्करी सिंडिकेट के सरगना सीवान जिले के बड़हरिया निवासी अरमान खान की करीब 3.40 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा है। जांच में सामने आया है कि अरमान खान लंबे समय से बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर सक्रिय एक संगठित पशु तस्करी गिरोह का संचालन कर रहा था और इसी अवैध कारोबार से उसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की।

जांच के दौरान पुलिस को उसके और परिजनों के नाम पर कई संपत्तियों का पता चला है, जिनमें जमीन, लग्जरी वाहन और आलीशान मकान शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि ये सभी संपत्तियां अवैध पशु तस्करी से कमाए गए पैसे से बनाई गई हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरमान खान के खिलाफ हत्या का प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम समेत 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में उसके बैंक खातों और परिवार के खातों में बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेन-देन भी सामने आए हैं।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि पूरी रिपोर्ट EOU को भेज दी गई है और अब PMLA के तहत विस्तृत जांच के बाद संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क से जुड़े करीब दो दर्जन अन्य संदिग्ध तस्कर भी जांच के दायरे में हैं और आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई संभव है।

Next Story