
Bihar:सारण जिले के मढ़ौरा नगर पंचायत सभागार में बुधवार को पीएम स्वनिधि योजना के तहत चल रहे विशेष अभियान की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता शामिल हुए और योजना के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई।
566 आवेदन, 258 को मिला ऋण
बैठक में दिए गए आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 566 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 263 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 258 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। अधिकारियों ने शेष लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया।
बैंक समन्वय पर उठे सवाल
कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि 147 आवेदन बैंकों द्वारा वापस किए गए हैं, जिनकी दोबारा जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए बैंकिंग प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।
कई बैंक प्रतिनिधि बैठक से रहे अनुपस्थित
बैठक में एक दर्जन से अधिक बैंकों को नोटिस भेजे जाने के बावजूद केवल तीन बैंक प्रतिनिधि ही उपस्थित हुए। अनुपस्थित बैंकों को अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पात्र वेंडरों को मिलेगा लाभ
अधिकारियों ने निर्णय लिया कि किसी भी पात्र फुटपाथ विक्रेता को योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। जो लाभ नहीं पा सके हैं, उन्हें अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
बैठक के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें वेंडरों और कर्मियों की जांच की गई। डॉक्टरों ने गर्मी और लू से बचाव के लिए पानी पीने और ओआरएस के उपयोग की सलाह दी।





