बिहार
PK का CM नीतीश को जवाब- अगर एक साल के भीतर 10 लाख नौकरियां दे दें तो आपके साथ हो जाऊंगा
Shantanu Roy
9 Sep 2022 10:16 AM GMT

x
बड़ी खबर
भागलपुर। राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा की गई टिप्पणी का गुरुवार को तल्ख जवाब देते हुए कहा कि अगर वह एक साल के भीतर 10 लाख नौकरियां दे देते हैं तो उनको नेता मानकर फिर से उनके लिए काम करूंगा।
पीके ने नीतीश को बताया "बुजुर्ग नेता"
अपने 'जन सुराज अभियान' के तहत भागलपुर में संवाददाता सम्मेलन में प्रशांत किशोर ने कहा, "नीतीश कुमार जी यहां के बुजुर्ग नेता हैं, वह कुछ बोलना चाहते हैं तो उन्हें बोलने दीजिए। व्यक्तिगत टीका टिप्पणी करना ठीक नहीं है। अगर उन्होंने कुछ कहा है तो वह उनकी सोच है। कौन भाजपा के साथ काम कर रहा है, जहां तक मैं और आपलोग जानते हैं अभी एक महीना पहले तक नीतीश भाजपा के साथ ही थे। नीतीश कुमार अगर किसी को इस तरह का प्रमाणपत्र दे रहे हैं तो यह हास्यास्पद ही है।"
सीएम को दिया ये चैलेंज
नीतीश पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, ''17 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद आपको याद आया कि 10 लाख नौकरियां दी जा सकती हैं, पहले ही दे देना चाहिए था। खैर छोड़िए, नीतीश कुमार इतने बड़े नेता हैं, उनको ए से जेड तक पता है। दूसरे को एबीसी नहीं आता है।'' उन्होंने कहा, ''10 लाख नौकरियां अगर दे देंगे तो हम जैसे लोगों को अभियान चलाने की क्या जरूरत है। अगर 10 लाख नौकरियां दे देते हैं तो आपको नेता मानकर जैसे 2015 में काम कर रहा थे, फिर से आपना काम करूंगा।'' बिहार में नवगठित महागठबंधन सरकार पर किशोर ने कहा, ''बिहार में जो राजनीतिक फेरबदल हुआ है, उसका कोई देशव्यापी असर नहीं होगा। यह एक राज्य की घटना है।'' बता दें कि दिल्ली में मुख्यमंत्री ने प्रशांत किशोर पर टिप्पणी करते हुए उन्हें बिहार में जो करना है, वह करें। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को कुछ मालूम है?...बिहार के बारे में ABC भी पता है क्या? सीएम ने कहा था कि ऐसे लोगों का बीजेपी के साथ रहने का मन होगा या फिर बीजेपी की मदद करने की इच्छा होगी। अब इस पर प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री को करारा जवाब दिया है।
Next Story