बिहार
लोगों को जानकारी होनी चाहिए गरीब राज्य होते हुए भी बिहार में कितना काम हो रहा है: सीएम
Shantanu Roy
5 Nov 2022 5:59 PM GMT

x
बड़ी खबर
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नालंदा जिला के राजगीर के शीतलकुंड गुरुद्वारा में आयोजित गुरुनानक देव जी महाराज के 554 वें प्रकाश पर्व में शनिवार को शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शीतलकुंड गुरुद्वारा में मत्था टेककर राज्य के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोगों को जानकारी मिलनी चाहिए कि गरीब राज्य होते हुए भी बिहार में कितना काम हो रहा है। इन सब कामों की चर्चा होगी तो लोग इसे जानेंगे। यहां आने के लिए आप सब का अभिनंदन करता हूं। सीएम ने कहा कि हम बचपन से राजगीर आते रहे हैं। वर्ष 2009 में हम यहां सात दिन रुके थे और राजगीर में विभिन्न चीजों के निर्माण और विकास के लिए योजना बनाई थी जिस पर काम किया गया। सीएम ने कहा कि शीतल कुंड को भी हमने देखा था और इसको भी विकसित करने का निर्णय लिया था । शीतल कुंड गुरुद्वारा को भी अच्छे से बनाया गया है और यहां परिसर को भी विकसित किया गया है। राजगीर में जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन केंद्र का निर्माण कार्य किया था उन्होंने ही गुरुद्वारा को विकसित किया है और अतिथिशाला का भी निर्माण किया है। सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में सर्वशदानी दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 350 वां प्रकाश पर्व पटना साहिब में मनाया गया था।
उस समय श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए बेहतर तैयारी की गई थी। उन्होंने कहा कि शीतलकुंड गुरु नानक देव महाराज जी गुरुद्वारा को ठीक करवाया गया । वर्ष 2019 में ही इसका शिलान्यास करवाया गया था और अब यह बनकर तैयार हो गया है। सभी अतिथियों के ठहरने के लिए अतिथिशाला का भी निर्माण हो गया है। यह परिसर सुंदर और भव्य हो गया है। सिख श्रद्धालु पटना साहिब भी आते हैं और राजगीर भी आते हैं। मुझे यहां आकर आज बहुत खुशी हुई है। गुरु नानक देव जी महाराज के 554वें प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए पटना से राजगीर आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवागमन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर अनेक धर्मों का स्थल है। यह सबसे पुराना स्थल है जो राजगृह के रूप में प्रसिद्ध रहा है। अब इसे राजगीर बोलते हैं। यहां पर सभी की सुरक्षा और सुविधा का ख्याल रखा गया है। राजगीर में पंच पहाड़ है जहां पौधारोपण कराया गया है। बहुत जल्द ही राजगीर में गंगाजल शुद्ध पेयजल के रूप में यहां के लोगों और संस्थानों को उपलब्ध होगा। बोधगया और गया में भी गंगाजल शुद्ध पेयजल के रूप में लोगों को मिलेगा । उसपर भी काम तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने शीतलकुंड गुरुद्वारा परिसर में नवनिर्मित 'गुरुनानक निवास' अतिथिशाला का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अतिथिशाला का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने वहां चलाये जा रहे लंगर का भी मुआयना किया ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वाहे गुरुजी का खालसा, वाहे गुरुजी की फतेह के उद्घोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया।
Next Story