
Bihar: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह ने बुधवार को बिहार विधान परिषद (MLC) सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पटना स्थित विधान परिषद एनेक्सी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने सबसे पहले शपथ ली। शपथ के बाद उनका दिया गया बयान काफी चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने बिहार में फिल्म सिटी बनाने की मांग उठाई। शपथ लेने के बाद पवन सिंह ने कहा, “जय भोजपुरी, जय बिहार।” उन्होंने खुद को पहले एक कलाकार बताते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि बिहार में फिल्म सिटी विकसित हो, ताकि राज्य के उभरते कलाकारों, गायकों और एक्टर्स को बेहतर मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को अपने हुनर के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा और यहीं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
पवन सिंह ने आगे कहा कि राजनीति में आने के बावजूद उनका जुड़ाव कला और भोजपुरी सिनेमा से पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने साफ किया कि वे कलाकारों के हित और इंडस्ट्री के विकास को अपनी प्राथमिकता में रखेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत पवन सिंह से हुई, जिसके बाद अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बीजेपी नेता संजय मयूख, सुनील कुमार सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभी 10 सदस्य 11 जून को निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित सत्ता और विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए। समारोह में नेताओं की मौजूदगी और सौहार्दपूर्ण माहौल चर्चा में रहा। पवन सिंह की इस मांग को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य में फिल्म निर्माण और स्थानीय कलाकारों को नया अवसर मिल सकता है।





