
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के पहले केंद्र सरकार की ओर से बिहार को विभिन्न योजनाओं की सौगात दी जा रही है। इसी क्रम में बिहारवासियों को सोमवार को भी दीपावली और छठ महापर्व से पहले सात नई ट्रेनों की सौगात मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेनों का शुभारंभ किया।
पटना जंक्शन पर रेलवे की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन सात ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बिहार में वर्षों तक कुछ काम नहीं होता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में राज्य का चौतरफा विकास हो रहा है। सारी परियोजनाएं प्रधानमंत्री पूरे कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज से बिहार में चार नई पैसेंजर ट्रेनें शुरू हो गई हैं। इनमें झाझा से दानापुर, पटना से बक्सर, नवादा से पटना और पटना से इस्लामपुर पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। वहीं मुजफ्फरपुर-हैदराबाद (चर्लपल्ली), छपरा-दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा-अजमेर (मदार) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का भी शुभारंभ हो चुका है।
मुजफ्फरपुर से चर्लपल्ली (हैदराबाद), दरभंगा से मदार (राजस्थान) और छपरा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शामिल है। इस दौरान नालन्दा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद, नवादा सांसद विवेक ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन आदि शामिल रहे। बिहार को 3 अमृत भारत की सौगात मिली है। सभी ट्रेनों का शुभारंभ मंगलवार को होना है। हालांकि, नियमित परिचालन अक्टूबर से शुरू होगा।





