बिहार

Patna: पटना मेट्रो की पहली ट्रेन, तीन कोच और 900 क्षमता के साथ तैयार

Admindelhi1
28 Jun 2025 12:49 PM IST
Patna: पटना मेट्रो की पहली ट्रेन, तीन कोच और 900 क्षमता के साथ तैयार
x

पटना: मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। 15 अगस्त से मेट्रो का परिचालन शुरु होने वाला है। ऐसे में तेजी से पटरियां बिछाने का काम चल रहा है। वहीं ताजा मिली जानकारी अनुसार मेट्रो की पहली तीन कोच पुणे से पटना पहुंचने वाली है।

राजधानी पटना में मेट्रो ट्रेन दौड़ने का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। महाराष्ट्र के पुणे में तैयार की जा रही तीन कोच वाली मेट्रो ट्रेन जुलाई में पटना पहुंच जाएगी। नगर विकास एवं आवास विभाग के मुताबिक, यह ट्रेन पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर में इस्तेमाल की जाएगी।

जुलाई में शुरु होगा ट्रायल

पटना पहुंचने के बाद इस ट्रेन को डिपो में तकनीकी टीम द्वारा असेंबल किया जाएगा। जिसमें करीब 15 से 20 दिन का वक्त लगेगा। ट्रेन पूरी तरह तैयार होने के बाद 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर में इसका ट्रायल शुरू होगा। पटना मेट्रो के इस कॉरिडोर पर 15 अगस्त 2025 से मेट्रो परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य सरकार ने की पहल

मेट्रो के कोच की खरीदारी पहले जापान की एजेंसी जायका के फंड से प्रस्तावित थी। लेकिन फंड मिलने में देरी के चलते राज्य सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को 115 करोड़ रुपये मुहैया कराए। इससे तीन कोच वाली ट्रेन, मेट्रो लाइन के लिए पटरियां, लिफ्ट और एस्केलेटर खरीदे गए। इस परियोजना के लिए ट्रेन का निर्माण टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा किया गया है।

ऊर्जा खपत कम, यात्रियों के लिए बेहतर विकल्प

तीन कोच की छोटी मेट्रो ट्रेन खासतौर पर कम दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इससे प्रति ट्रिप ऊर्जा की खपत कम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल परिचालन लागत घटेगी बल्कि बेहतर फ्रीक्वेंसी भी सुनिश्चित होगी। भविष्य में यह मेट्रो राजधानी के संकरे क्षेत्रों तक भी आसानी से पहुँचाई जा सकेगी।

900 यात्रियों की क्षमता

पटना मेट्रो के हर कोच में करीब 300 यात्रियों के बैठने और खड़े होने की व्यवस्था होगी। यानी तीन कोच की एक ट्रेन में करीब 900 यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। बता दें कि, प्राथमिक कॉरिडोर में कुल 5 स्टेशन बनाए गए हैं- न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी। हालांकि शुरुआती चरण में खेमनीचक स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुकेगी, क्योंकि यह इंटरचेंज स्टेशन है और अभी इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है।

Next Story