Patna: स्कूल में मिड-डे मील से 100 से अधिक बच्चे बीमार, NHRC ने मांगी रिपोर्ट

Patna पटना: बिहार के पटना जिले के मोकामा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों के बीमार होने की घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने बिहार सरकार और पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजन परोसने से पहले रसोईया ने उसमें से एक मृत सांप को हटाया था, इसके बावजूद खाना बच्चों को परोस दिया गया। इस घटना ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और अब तक उठाए गए कदमों का विवरण मांगा गया है।
बताया जा रहा है कि उस दिन लगभग 500 छात्रों ने मिड-डे मील खाया था। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने विरोध में सड़क जाम कर दी।





