बिहार

Patna: लालू यादव ने बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Admindelhi1
10 Jun 2025 6:11 PM IST
Patna: लालू यादव ने बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
x

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार को घेरा। उन्होंने एक्स हैंडल पर बिहार के अपराध से संबंधित आंकड़े पेश कर नीतीश कुमार के शासनकाल में प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था का उल्लेख किया। लालू यादव ने पोस्ट में कहा कि नीतीश बताएं कि शाम 5 बजे से पहले घर में घुसकर ही कितनी हत्याएं हो रही हैं? क्या नीतीश जानते, पहचानते और समझते हैं कि उनके शासनकाल में आधिकारिक आंकड़ों में 65,000 हत्याएं हुई हैं? 65,000!

राजद प्रमुख ने कहा कि नीतीश-बीजेपी ने विधि व्यवस्था का दम ही नहीं निकाला, बल्कि उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। बिहार में इतनी भ्रष्ट, लापरवाह और कामचोर पुलिस कभी भी नहीं रही। इससे पहले 7 जून को भी लालू ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर नीतीश कुमार के शासनकाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि बेलगाम अपराधी, मदमस्त अफसरशाही और बेहोश सरकार रिकॉर्ड तोड़ महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार। बिहार का बंटाधार करने वाली यह है 20 सालों की एनडीए सरकार!

बता दें बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। इससे पहले बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 5 जून को राष्ट्रीय जनता दल और गांधी परिवार पर निशाना साधा था। उन्होंने पटना में कहा था कि इन दोनों में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। एक ने देश को लूटा, तो दूसरे ने बिहार को। तेजस्वी यादव ने क्या बदला? वो क्या थे? उन्होंने किया क्या? वह बेचारे कुछ नहीं थे अपने विभाग में तो लालू यादव का परिवार सिर्फ घोटाला करता रहा। इससे ज्यादा कुछ नहीं किया।

Next Story