
x
फ्लाईओवर पूरा होने से शहर की यातायात समस्या में कमी की उम्मीद
Bihar : पटना में जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है. मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर इस साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद करबिगहिया और आसपास के इलाकों में यातायात काफी सुगम हो जाएगा. इस फ्लाईओवर के शुरू होने से आर ब्लॉक, जीपीओ गोलंबर, मीठापुर, करबिगहिया और कंकड़बाग तक आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
सचिव ने किया स्थल निरीक्षण
शनिवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने तकनीकी टीम और अभियंताओं के साथ पूरे प्रोजेक्ट की समीक्षा की. सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सुरक्षा मानकों पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा. साथ ही तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश भी दिए. फ्लाईओवर के दोनों तरफ सर्विस लेन और एप्रोच रोड का भी बारीकी से जायजा लिया गया.
1730 मीटर लंबी परियोजना
यह फ्लाईओवर लगभग 1730 मीटर लंबा है. इसकी अनुमानित लागत करीब 292.74 करोड़ रुपये है. फिलहाल नींव का काम पूरा हो चुका है. सब-स्ट्रक्चर और सुपर-स्ट्रक्चर का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है.
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा पूरा प्रोजेक्ट
पहले चरण में जीपीओ गोलंबर से पुराने बस स्टैंड तक जुलाई तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने की योजना है.
करबिगहिया जाम से मिलेगी राहत
इस फ्लाईओवर के बनने से करबिगहिया स्टेशन के आसपास लगने वाले भारी जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. वाहनों को शहर के अंदरूनी रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी.
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था होगी बेहतर
फ्लाईओवर मीठापुर गोलंबर को सीधे एनएच-30 बाईपास से जोड़ेगा. इससे बाहरी और अंतर-शहरी वाहनों को तेज और आसान रास्ता मिलेगा. इस परियोजना से पटना की ट्रैफिक व्यवस्था आधुनिक और जाममुक्त बनने की ओर बढ़ेगी.
Next Story





