
Bihar: नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में हुई मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इसी मामले में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव रविवार को दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव पहुंचे और मृतक दो दलित युवकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
यह घटना 15 जून को झुनकिया बाबा मंदिर के पास हुई थी, जहां चोरी के शक में भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बुरी तरह पीटा था। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे।
पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत में बिहार सरकार और पुलिस व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में कमजोर वर्गों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और प्रशासन की कार्रवाई बेहद धीमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में नामजद 15 लोगों में से अब तक केवल 4 की गिरफ्तारी हुई है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
सांसद ने कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और कानून व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि वे इस मामले को सड़क से लेकर संसद तक उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दायर करेंगे।
स्थानीय नेताओं ने भी इस घटना की निंदा करते हुए सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की मांग की है।





