
x
Patna पटना। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी सरकार ताबड़तोड़ फैसले ले रही है। इस बीच, बुधवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और सहकारिता विभाग की बैठक में धान की खरीद, राइस मिलों की मिलिंग क्षमता की जांच और पैक्सों को धान अधिप्राप्ति के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली राशि (कैश क्रेडिट) को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत प्राथमिक कृषि ऋण समिति (पैक्स) की धान अधिप्राप्ति के लिए दो महीने की अवधि के स्थान पर छह महीने तक की ब्याज-मुक्त ऋण की सुविधा देने पर सरकार विचार कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही यह सुविधा मिल सकेगी।
इस बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह और सहकारिता विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में अधिप्राप्ति के दौरान पैक्स स्तर पर आ रही व्यवहारिक चुनौतियों के साथ-साथ लॉजिस्टिक एवं प्रोसेसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित किया गया। मंत्री लेशी सिंह ने पैक्स प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनने के बाद अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पैक्स को भुगतान में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है और सभी लंबित भुगतान निर्धारित अवधि में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा, पैक्स की मजबूती और अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि धान अधिप्राप्ति सुचारू एवं समयबद्ध ढंग से हो और सभी संबंधित पक्षों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, सचिव नैय्यर इकबाल, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित दोनों विभागों तथा बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा पैक्स के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
Tagsबिहारनीतीश कुमारपैक्सधान अधिप्राप्तिसहकारिता विभागखाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभागब्याज-मुक्त ऋणकैश क्रेडिटकिसानों के हितराइस मिललॉजिस्टिकपारदर्शिताभुगतान प्रक्रियाकृषि समर्थनजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





