बिहार

रूपेश की मौत पर भड़का आक्रोश, PG छात्रों पर कार्रवाई की मांग

nidhi
7 Nov 2026 7:55 AM IST
रूपेश की मौत पर भड़का आक्रोश, PG छात्रों पर कार्रवाई की मांग
x
JLNMCH में हंगामा
भागलपुर: बिहार के भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH) में एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की सड़क हादसे में मौत के बाद तनाव का माहौल बन गया है। शुक्रवार को छात्र की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र कॉलेज परिसर में एकत्र हो गए। नाराज छात्रों ने हादसे के आरोपी पीजी डॉक्टर को कॉलेज से निष्कासित करने और कार में मौजूद अन्य छात्रों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग उठाई। हालात को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने जिला और पुलिस प्रशासन से संपर्क कर छात्रावासों की सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर की देर रात करीब साढ़े बारह बजे मेडिकल छात्र रूपेश सोनी अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तिलकामांझी थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी के पास एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रूपेश सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को मायागंज अस्पताल पहुंचाया। रूपेश की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पटना में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रूपेश एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे और मूल रूप से दिल्ली के गांधीनगर के रहने वाले थे। उनके पिता राजेंद्र सोनी दिल्ली में कपड़े का कारोबार करते हैं।
दुर्घटना के समय कार पीजी छात्र डॉ. गौरव एस चला रहा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में वाहन चला रहा था। जांच में उसके शराब के सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला है।
हादसे के समय कार में तीन अन्य मेडिकल छात्र भी सवार थे, जिनमें दो छात्राएं बताई जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इन तीनों की आपराधिक संलिप्तता सामने नहीं आने पर उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। हालांकि, मेडिकल छात्रों ने उनकी भूमिका की भी जांच करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र प्राचार्य डॉ. संदीप लाल से मिलने पहुंचे। छात्रों ने आरोपी पीजी डॉक्टर को कॉलेज से निष्कासित करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने मृतक छात्र के परिजनों को मुआवजा देने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की। प्राचार्य ने छात्रों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस घटना के बाद एमबीबीएस और पीजी छात्रों के बीच तनाव की आशंका को देखते हुए कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया है। प्राचार्य ने एसएसपी से छात्रावासों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, किसी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए छात्रावासों के आसपास पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक छात्र के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया था। दस दिनों तक चले सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रमों के समापन के कुछ ही देर बाद यह हादसा हुआ। जिस परिसर में कुछ घंटे पहले तक उत्सव का माहौल था, वहां छात्र की मौत के बाद शोक और आक्रोश फैल गया। प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है और कॉलेज प्रशासन भी मामले में सख्त कदम उठाएगा। फिलहाल कॉलेज में शांति बनाए रखना और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Next Story