
Bihar: सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के एक गांव में आर्केस्ट्रा नर्तकी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे अपने संरक्षण में ले लिया और मेडिकल जांच के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़िता अपने किराए के मकान में सो रही थी, तभी आरोप है कि नशे की हालत में चार युवक वहां पहुंचे और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपियों ने उसे धमकी भी दी, ताकि वह पुलिस को सूचना न दे सके।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह दरौंदा थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षा में लेकर तत्काल मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
थाना प्रभारी मोहन कुमार निराला ने बताया कि अभी इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस ने कहा है कि आवेदन और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।





