
x
बड़ी खबर
पटना। कुख्यात नक्सली वीडियो कोड़ा उर्फ कारे लाल कोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। साथ में इसकी महिला साथी व नक्सली पॉली को भी पकड़ा गया है। इन दोनों ही नक्सलियों की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर से हुई है। इन दोनों को बिहार STF की टीम ने गिरफ्तार किया है। इस बड़ी सफलता को हासिल करने के लिए STF की टीम को पूरे 7 दिनों तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी। पहला मौका है जब वीडियो कोड़ा गिरफ्तार हुआ है। इस नक्सली ने जमुई जोन में मुंगेर जिला में आतंक मचा रखा था। इस इलाके में 10 से 12 नक्सलियों की टुकड़ी का एरिया कमांडर था। इसके उपर राज्य सरकार की तरफ से 50 हजार रुपए का ईनाम भी रखा गया था।
हाल के दो मुठभेंड़ों था शामिल
वीडियो कोड़ा मूल रूप से मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना के तहत पैसरा गांव का रहने वाला है। जबकि, इसकी महिला साथी पॉली लखीसराय जिले में कजरा थाना के तहत बरमसिया की रहने वाली है। काफी समय से ये दोनों नक्सली पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। STF के अधिकारियों के अनुसार लखीसराय के पीरी बाजार में पुलिस और नक्सलियों के बीच पिछले साल 23 अक्टूबर और इस साल 2 फरवरी को मुठभेंड़ हुई थी। इन दोनों ही मुठभेंड़ों में कुख्यात वीडियो कोड़ा शामिल था।
संगठन टूटने से हुआ फरार
बिहार STF के अधिकारियों का दावा है कि पुलिस के साथ हुए दो मुठभेंड़ में वीडियो कोड़ा के नक्सली साथी मारे गए थे। फिर एक-एक करके तीन बड़े नक्सलियों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। जिसमें नक्सली अर्जुन कोड़ा, बहादुर कोड़ा और नारायण कोड़ा शामिल हैं। इसका बड़ा असर नक्सलियों के संगठन पर पड़ा। जुमई जोन कमजोर पड़ गया। एक तरह से उस जोन में इनकी कमर टूट गई। इसके बाद ही वीडियो कोड़ा अपनी महिला साथी के साथ बिहार से फरार हुआ। पहले दिल्ली पहुंचा और कुछ दिन वहां रहा। इसके बाद नोएडा और फिर गाजियाबाद में रहा। पिछले 25 दिनों से इसने NCR को अपना ठिकाना बना रखा था। फिर वहां से गौतमबुद्ध नगर के बिसरख में रहने लगा। वहीं से छापेमारी कर इसे पकड़ा गया। वीडियो कोड़ा अपने नक्सली संगठन का बड़ा फाइटर है। इसके उपर कुल 16 आपराधिक केस दर्ज हैं। जबकि, इसकी महिला साथी पर हत्या के प्रयास सहित 3 केस दर्ज है।
Next Story