बिहार

राजद से हुई गुप्त डील पर जनता को जवाब दें नीतीश : सुशील मोदी

Rani Sahu
27 Jan 2023 6:09 PM GMT
राजद से हुई गुप्त डील पर जनता को जवाब दें नीतीश : सुशील मोदी
x
पटना(आईएएनएस)| बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच क्या गुप्त समझौता (डील) हुआ है, यह जानने का पूरा हक बिहार की जनता को है। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जो मुद्दे उठाये हैं, उसे टालने के बजाय नीतीश कुमार को उनका जवाब देना चाहिए।
मोदी ने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के अनुसार डील 2023 में तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनवाने और नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में जाने की हुई है।
उन्होंने कहा कि इस डील की सच्चाई क्यों छिपायी जा रही है? जगदानंद जब कह रहे थे कि बड़ी चीज पाने के लिए छोटी चीज का त्याग करना पड़ता है, तब उनकी बात का अर्थ क्या है ?
मोदी ने कहा कि कुशवाहा के मुद्दों का जवाब देने के बजाय नीतीश कुमार उनके दल बदलने पर अनावश्यक टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं नीतीश कुमार तीन बार लालू प्रसाद के साथ गए और दो बार पलटकर भाजपा के साथ आए।
उन्होंने कहा कि जदयू अध्यक्ष ललन सिंह के बारे में नीतीश कुमार की क्या राय है, जो उन्हें तानाशाह और न जाने क्या-क्या बताते हुए कांग्रेस में चले गए थे?
भाजपा नेता ने कहा कि अभी महत्वपूर्ण मुद्दा लालू प्रसाद के साथ हुई उस डील को सार्वजनिक किया जाना है, नहीं कि किसने कब-कब पार्टी बदली।
मोदी ने सवालिया लहजे में कहा कि राजद में जदयू का विलय कब होगा और तेजस्वी यादव इसी साल मुख्यमंत्री बनेंगे या वर्ष 2025 में महागठबंधन का नेतृत्व करेंगे, इन बातों पर पहेली क्यों बुझायी जा रही है?
--आईएएनएस
Next Story