बिहार

निशांत कुमार के जदयू में आने से संगठन होगा मजबूत: Lalan Singh

SHIDDHANT
8 March 2026 8:50 PM IST
निशांत कुमार के जदयू में आने से संगठन होगा मजबूत: Lalan Singh
x
Patna पटना। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जदयू में आने पर कहा कि यह अच्छी बात है और लोगों को खुश होना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वे काफी समय से चाहते थे कि निशांत कुमार राजनीति में आएं, अब जब वे आ गए हैं तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए। निशांत कुमार हर जिले के कार्यकर्ता से मिलेंगे, शनिवार को वे जिला अध्यक्षों से मिले थे।
मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि निशांत कुमार को आगे क्या जिम्मेदारी मिलेगी, जल्द ही बताया जाएगा। फिलहाल वे कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और पार्टी को धरातल पर मजबूत करने का काम करेंगे।
बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी सरकार के लिए न संविधान का सम्मान है और न ही देश के प्रति प्रेम। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला, जो देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हैं, उनके प्रति भी सम्मान नहीं दिखाया गया।
ललन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी के लिए किसी का सम्मान मायने नहीं रखता, वह केवल अपना सम्मान चाहती हैं। उनके इस आचरण को पूरे देश ने देखा है और आज पूरा देश आक्रोशित है। समय आने पर बंगाल की जनता इसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और आदिवासी समाज के सम्मान में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति की भावनाएं इससे आहत हुई हैं। राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र की गरिमा का अपमान है।
पश्चिम बंगाल की सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता एक बार फिर सामने आई है। सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अनदेखी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब अवश्य देगी।
निशांत कुमार ने पटना स्थित जदयू कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद निशांत कुमार ने पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचे।
Next Story