
x
बड़ी खबर
पटना। पटना में CBI ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के ऑफिस में छापेमारी की। वहां से NHAI के CGM सदरे आलम को 5 लाख रुपए का रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। CGM के साथ ही इनके दो स्टाफ भी शामिल हैं। पटना में NHAI का जोनल ऑफिस है। सदरे आलम बतौर CGM यहीं पोस्टेड हैं। जिस वक्त CBI की टीम ने छापेमारी की, उस दरम्यान ये नासिक की एक कंपनी के लोगों से रिश्वत ले रहे थे।
CBI के इस कार्रवाई से NHAI के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। CBI से जुड़े सूत्रों के अनुसार NHAI के पटना में पोस्टेड CGM और DGM के बारे में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। टेंडर का बिल पास करने के नाम पर ये लोग अवैध उगाही कर रहे थे। इसी बीच नासिक की एक कंपनी ने CBI से शिकायत की। इन दोनों अधिकारियों के बारे में बताया कि वो बिल पास करने के नाम रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
इसके बाद ही पूरा जाल बिछाया गया। फिर आज कार्रवाई कर दी गई। रिश्वत लेते हुए CGM को पकड़ने के बाद CBI की टीम ने 8 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है। जिन जगहों को खंगाला जा रहा है, वो CGM और रिश्वत लेने के कांड में शामिल लोगों के ठिकाने हैं। आधिकारिक तौर पर CBI की तरफ से जो जानकारी दी गई है, उसके अनुसार अब तक 60 लाख रुपए कैश बरामद किए गए हैं। संभावना है कि अभी बड़े पैमाने पर कैश मिल सकता है और अवैध तरीके से अर्जित किए गए चल-अचल संपत्ति की डिटेल मिल सकती है। फिलहाल CBI की कार्रवाई अभी भी जारी है। PRO के अनुसार इसके बाद की डिटेल्स जांच पूरी होने के बाद ही दी जाएगी।
Next Story