
Bihar: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से एक सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा हुआ है, जिसमें 17 जून को रेलवे ट्रैक के किनारे मिली महिला की मौत को पहले हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या निकला. पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति, उसकी दूसरी पत्नी और एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि तीनों ने मिलकर साजिश रची और हत्या को रेल हादसा दिखाने की कोशिश की.
17 जून को पलनवा थाना क्षेत्र के मसीनाडीह हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे 45 वर्षीय मीना देवी का शव मिला था. शुरुआती जांच में इसे ट्रेन से गिरकर हुई दुर्घटना माना गया, लेकिन परिजनों की शंका और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. इसके लिए एसआईटी, डीआईयू और एफएसएल की संयुक्त टीम बनाई गई, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.
जांच में सामने आया कि मीना देवी के पति तपेश्वर सहनी का नेपाल निवासी लक्ष्मी देवी से संबंध था और उसने उससे दूसरी शादी कर ली थी. पहली पत्नी इसका विरोध कर रही थी, जिससे परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक तांत्रिक सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी की भूमिका भी सामने आई है, जो सुगौली थाना क्षेत्र के भवानीपुर का रहने वाला है. आरोप है कि तांत्रिक ने विवाद सुलझाने के नाम पर दोनों पक्षों से 50-50 हजार रुपये लेकर कुल एक लाख रुपये में हत्या की योजना तैयार की.
पुलिस का दावा है कि योजना के तहत मीना देवी को नेपाल घुमाने और संपत्ति का लाभ दिलाने का झांसा दिया गया. इसके बाद उसे मोतिहारी से रक्सौल ले जाने के दौरान लोकल ट्रेन में बैठाया गया. मसीनाडीह हॉल्ट के पास चलती ट्रेन से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई. डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ में कई विरोधाभासी बातें सामने आईं, जिसके बाद वैज्ञानिक जांच में सच्चाई उजागर हुई. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.





