बिहार

ब्रेकिंग! SDM पत्नी और इंजीनियर पति पर शिकंजा, 1.98 करोड़ की अतिरिक्त संपत्ति; 9 लाख के सोने के सिक्के, दो बैंक लॉकर

Shubhra Nandy
25 Nov 2026 6:24 AM IST
ब्रेकिंग! SDM पत्नी और इंजीनियर पति पर शिकंजा, 1.98 करोड़ की अतिरिक्त संपत्ति; 9 लाख के सोने के सिक्के, दो बैंक लॉकर
x
आय से अधिक संपत्ति का मामला
गोपालगंज : बिहार में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) की कार्रवाई के बाद गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार की संपत्तियों से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। पथ निर्माण विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत रितेश कुमार और उनकी पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसी ने तीन जिलों में सात ठिकानों पर दबिश देकर जमीन, मकान, फ्लैट, बैंक खातों और वित्तीय निवेश से संबंधित दस्तावेजों का पता लगाया है।
वैध कमाई से 84 फीसदी अधिक संपत्ति का मामला
स्पेशल विजिलेंस यूनिट के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के मुताबिक, शुरुआती पड़ताल में अधिकारी दंपती के पास ज्ञात वैध आय से करीब एक करोड़ 98 लाख रुपये अधिक की संपत्ति होने का मामला सामने आया है। जांच एजेंसी के आकलन के अनुसार यह रकम उनकी वैध कमाई से लगभग 84 प्रतिशत अधिक है। प्रारंभिक सत्यापन में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों अधिकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। तलाशी के दौरान प्राप्त संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है। इनके मूल्यांकन के बाद आय से अधिक संपत्ति की अनुमानित राशि बढ़ने की संभावना भी जताई गई है।
दानापुर में 1.60 करोड़ का बहुमंजिला मकान
विजिलेंस की पड़ताल में रितेश कुमार के नाम पर पटना के दानापुर स्थित चंद्रशेखर नगर में बड़ी अचल संपत्ति का पता चला है। यहां 8100 वर्गफीट जमीन पर जी-प्लस-चार मंजिला भवन बना हुआ है, जिसका अनुमानित मूल्य एक करोड़ 60 लाख रुपये बताया गया है। इसी क्षेत्र में उनके नाम पर साढ़े चार डिसमिल जमीन भी दर्ज है, जिसकी कीमत करीब 36 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, एसडीएम प्रेरणा सिंह के नाम पर रोहतास जिले के सूर्यपुरा अंचल अंतर्गत नीमा में 16 डिसमिल जमीन होने की जानकारी मिली है। इसकी कीमत एक लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त दानापुर के सहजादपुर में उनके नाम पर 5.6 डिसमिल जमीन का पता चला है, जिसका मूल्य 43 लाख 71 हजार रुपये आंका गया है।
पटना से धनबाद तक फ्लैट के दस्तावेज मिले
जांच एजेंसी को अधिकारी दंपती और प्रेरणा सिंह की मां सुनयना सिंह के नाम से दानापुर के सात्विका गैलेक्सी में एक फ्लैट होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस आवासीय संपत्ति की अनुमानित कीमत 40 लाख 30 हजार रुपये है। पटना के एसकेपुरी इलाके में स्थित आवास की तलाशी के दौरान झारखंड के धनबाद में फ्लैट की खरीद से जुड़े कागजात भी मिले हैं। एसवीयू अब इन संपत्तियों के स्वामित्व, खरीद में इस्तेमाल हुई धनराशि और निवेश के स्रोतों का सत्यापन कर रही है।
60 ग्राम सोने के सिक्कों की खरीद पर जांच
तलाशी अभियान में सोने की खरीद से संबंधित एक रसीद भी जांच एजेंसी के हाथ लगी है। दस्तावेज के मुताबिक पांच नवंबर 2026 को अलंकार ज्वेलर्स से 10-10 ग्राम वजन वाले छह स्वर्ण सिक्के खरीदे गए थे। इन सिक्कों की खरीद पर कुल नौ लाख रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख रसीद में है। इसके अलावा अधिकारी दंपती के विभिन्न बैंक खातों में 39 लाख 40 हजार रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। अलग-अलग वित्तीय संस्थानों में 16 लाख 88 हजार रुपये के निवेश का भी पता चला है। भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक में कुल 10 लाख रुपये की सावधि जमा से जुड़े दस्तावेज जांच के दायरे में हैं।
बैंक लॉकर और स्कार्पियो भी जांच के घेरे में
एसवीयू को भारतीय स्टेट बैंक की आनंदपुरी शाखा में दो बैंक लॉकर होने की जानकारी मिली है। इसके साथ ही दंपती के नाम पर हुंडई क्रेटा कार और होंडा एक्टिवा स्कूटर होने का पता चला है। गोपालगंज एसडीएम का बोर्ड लगी एक स्कार्पियो को जांच एजेंसी ने कथित रूप से बेनामी वाहन बताया है। कार्रवाई के दौरान रितेश कुमार की मां विद्यावती देवी के नाम पर दानापुर में 10 डिसमिल जमीन से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा हाजीपुर एएसडीएम के बोर्ड से जुड़े कागजात सामने आए हैं। इन सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
तीन जिलों में सात ठिकानों पर विजिलेंस की दबिश
स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने पटना, गोपालगंज और रोहतास में अलग-अलग टीमें भेजकर तलाशी अभियान चलाया। दानापुर के गोला रोड स्थित विवेक बिहार कॉलोनी में दंपती के आवास और पटना के नई कैपिटल रोड स्थित रितेश कुमार के कार्यालय की तलाशी ली गई। इसके साथ ही गोपालगंज में अनुमंडलाधिकारी के सरकारी आवास और कार्यालय को जांच के दायरे में लिया गया। रोहतास जिले के बिक्रमगंज स्थित आर्या नगर और गोसालडीह में पैतृक आवासों पर भी विजिलेंस की टीम पहुंची। पटना के एसकेपुरी स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 में भी तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल जांच एजेंसी संपत्तियों की खरीद, बैंक लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण कर रही है। अधिकारी दंपती की आय और संपत्तियों के बीच अंतर का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
Next Story