पड़ोसी चाचा ने सात वर्षीय बच्ची से किया दुष्कर्म, बच्ची की हालत खतरे से बाहर

क्राइम न्यूज़: बिहार के बेगूसराय में एक सात साल की मासूम बच्ची से पड़ोसी चाचा द्वारा दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना एफसीआई सहायक थाना क्षेत्र के बीहट नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 की है। गंभीर रूप से जख्मी बच्ची को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि शरीर पर गहरे जख्म हैं, लेकिन बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी में जुट गई है। सदर डीएसपी अमित कुमार ने भी घटनास्थल पर जाकर मामले की छानबीन किया है। मुख्यालय डीएसपी निशित प्रिया ने बताया कि दुष्कर्म की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ तथा आरोपी के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। परिजनों ने बताया कि सात वर्षीय मासूम अपने ठेला चालक पिता सहित अन्य परिजन और बच्चों के साथ एक निकाह समारोह में गई थी। इसी दौरान ई-रिक्शा चलाने वाला पड़ोसी 18 वर्षीय चाचा बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद बेहोश बच्ची को मरा हुआ समझकर वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद होश आने पर मासूम बच्ची खून से लथपथ कराहते हुए घर आई। इसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलवार को घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए तथा आक्रोशित लोगों ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग किया है। लेकिन आरोपी परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गया है तथा पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।





