बिहार

बिहार में बेहतर सरकार बनाना और सुशासन लाना एनडीए का संकल्प : विजय कुमार सिन्हा

SHIDDHANT
10 Oct 2025 11:45 PM IST
बिहार में बेहतर सरकार बनाना और सुशासन लाना एनडीए का संकल्प : विजय कुमार सिन्हा
x
Bihar बिहार : विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा से पहले दिल्ली में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में बिहार एनडीए के प्रमुख नेता हिस्सा ले रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार में सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम मुहर लगाना है, ताकि गठबंधन मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर सके। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एनडीए की बैठक पूरी तरह से बिहार में बेहतर सरकार, सुशासन और भ्रष्टाचार की राजनीति से मुक्ति के लिए समर्पित होगी।
उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन की बैठकों में सब कुछ पहले से तय होता है, लेकिन हमारी बैठक बिहार के लोगों की संवेदनशीलता और सेवा भाव को ध्यान में रखकर होगी। सीट बंटवारे के सवाल पर विजय कुमार सिन्हा ने भरोसा जताया कि भाजपा का सक्षम नेतृत्व सभी मुद्दों पर बारीकी से विचार कर निर्णय लेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जो लोग मेवा (लाभ) की राजनीति में विश्वास रखते हैं, वे महागठबंधन में जाएंगे। हमारा मकसद सेवा है। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा, "पार्टी के वरिष्ठ नेता बैठकर यह तय करेंगे कि बिहार के लिए सबसे बेहतर निर्णय क्या हो सकता है। एनडीए पूरी तरह एकजुट है और हम 243 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे।"
नितिन नबीन ने गठबंधन में किसी भी तरह की नाराजगी की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभी सहयोगी दल एक मिशन के साथ चुनाव में उतरेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी भी इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा, "यह राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक है, जिसमें मैं हिस्सा लेने जा रहा हूं। एनडीए गठबंधन में सब कुछ ठीक है। किसी के आने-जाने से कोई गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने एनडीए में एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि बिहार में एनडीए एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा।
Next Story