
Bihar:नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र के पास मंगलवार को एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। 50 से अधिक यात्रियों से भरी बस में अचानक करंट फैल गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, बस गिरियक के घोसरावां से बिहारशरीफ की ओर जा रही थी। बस की छत पर यात्रियों का सामान और एक साइकिल रखी हुई थी। इसी दौरान पावापुरी समवशरण मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से साइकिल सट गई, जिससे पूरे बस में करंट दौड़ गया। हादसा इतना तेज था कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
इस दर्दनाक घटना में घोसरावां निवासी 40 वर्षीय रुदल मांझी और उनकी 35 वर्षीय पत्नी फूलो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दंपति अपने घर से सिर्फ 1 किलोमीटर पहले ही पहुंचने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। बस में सवार करीब 25 मजदूर, जो ईंट भट्ठा से काम करके लौट रहे थे, सहित कई अन्य यात्री भी झुलस गए। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से पावापुरी स्थित विम्स (VIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही गिरियक और पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बाद में बीडीओ और सीओ भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





