बिहार

बिहार में कमजोर पड़ा मॉनसून, इन जिलों में आज बारिश के आसार

Renuka Sahu
6 Aug 2022 4:51 AM GMT
Monsoon weakened in Bihar, rain expected in these districts today
x

फाइल फोटो 

बिहार में मॉनसून के कमजोर पड़ने के बाद सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार में मॉनसून के कमजोर पड़ने के बाद सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में लोगों को फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। उत्तर बिहार में मौसम के सामान्य रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के भीतर दक्षिण बिहार में कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, जमुई, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और बांका जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा सारण, सीवान और वैशाली जिले में भी कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बूंदाबांदी होने की आशंका है।
पिछले कुछ दिनों हुई लगातार बारिश के बाद धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है। हालांकि, सूखे के हालत पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं। राज्य में बारिश का आंकड़ा अब भी औसत से 33 फीसदी कम है। बिहार में अब तक 545 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, इसके मुकाबले 367.5 मिलीमीटर पानी ही गिरा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगस्त महीने में राज्य के अधिकांश भागों में सामान्य से लेकर सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इस कारण कुछ जिलों में सूखे का संकट बररकार रह सकता है।
बारिश संबंधी गतिविधियों में कमी आने के चलते बिहार के अधिकतर जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को पश्चिमी चंपारण में सर्वाधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सीतामढ़ी में भी पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
Next Story