बिहार

प्रेम-प्रसंग मामले में बदमाशों ने किशोर पर की अंधाधुंध फायरिंग

Admin4
13 Sept 2023 12:31 PM IST
प्रेम-प्रसंग मामले में बदमाशों ने किशोर पर की अंधाधुंध फायरिंग
x
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर। समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर दिनदहाड़े एक किशोर पर ताबड़तोड़ गोली चलाई गई। मामला थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव का है जहां दिनदहाड़े सुबह करीब 10:00 बजे अचानक गोलियों की आवाज से ग्रामीण सहम गये।
मध्य विद्यालय बढ़ौना के समीप एक चाय दुकान पर गांव के ही किशोर पर बदमाशों में ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके को दहला दिया। हालांकि इस दौरान किशोर ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना के करीब 2 घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कारतूस के पांच खोखा बरामद किया। जिस लड़के को टारगेट करके गोली चलाई गई उसकी पहचान बढ़ोना निवासी धर्मेंद्र कुमार राय के बेटे पीयूष कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। इधर पुलिस इस पूरे मामले के पीछे प्रेम प्रसंग में गोलीबारी की बात बता रही है।
थानाध्यक्ष फिरोज आलम ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। लड़का अभी डरा हुआ है। हमारी पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है। छापेमारी की जा रही है। जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Next Story